बागपत। लॉक डाउन में आपात सेवाओं की बहाली के बीच प्रशासन और सामाजिक संगठन गरीब परिवारों और बेसहारा पशुओं-पक्षियों के लिए भोजन आदि की व्यवस्थाएं कर रहे हैं, मगर इस दौरान पर्यावरण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी पेड़-पौधों की खासी अनदेखी हो रही है।
पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य कर रही संस्था हरित प्राण ने पर्यावरण के सजग प्रहरियों की सुध लेते हुए उन्हें सिचित करने और बीमार पौधों का उपचार करने के लिए हरित एंबुलेंस सेवा शुरू की है, जो पूरे जिले में भ्रमण कर पौधों की देखभाल करेगी। संस्था के अध्यक्ष डॉ. दिनेश बंसल ने बताया कि बेजुबान पौधों के जीवन की रक्षा के लिए हरित एंबुलेंस अपनी सेवाएं देगी। इसको प्रशासन ने अनुमति दे दी है। हरित एंबुलेंस को एसडीएम दुर्गेश कुमार मिश्र, सीओ आलोक सिंह ने हरी झंड़ी दिखाकर रवाना किया। पहले दिन शहर की विभिन्न मार्गों के किनारे रोपे गए पौधों की पत्तियों पर फुहार लगाई और उनकी सिचाई की गई।