बागपत। एक ओर जहां सामाजिक संस्थाएं जरूरतमंद लोगों की मदद कर रही है। वहीं दूसरी ओर क्षेत्र में भी पांच सामुदायिक रसोइयों में डेढ़ हजार लोगों का हर रोज खाना बनता है, जो सुबह-शाम उनके घरों तक पहुंचाया जाता है।
बड़ौत तहसील में कैंटीन में सामुदायिक रसोई बनाई गई है, जिसमें 10 से ज्यादा हलवाई खाना बनाने का काम करते हैं। इस रसोई में सुबह और शाम एक हजार लोगों का खाना बनता है। इसी तरह छपरौली कस्बे में सामुदायिक रसोई में लगभग दो सौ, टीकरी कस्बे में सामुदायिक रसोई में लगभग 150 और दोघट कस्बे में सामुदायिक रसोई में लगभग सौ लोगों का खाना बनाया जाता है। राशन की व्यवस्था सरकार की ओर से की गई है। एसडीएम दुर्गेश मिश्र ने बताया कि क्षेत्र में जरूरतमंद लोगों को चिहित कर भोजन का वितरण कराया जा रहा है। इसके अलावा जो भी व्यक्ति भूखा मिलता है उसे भोजन खिलाया जाता है। सभी स्थानों पर गाड़ियों से कर्मचारी जरूरतमंद लोगों के घरों तक खाना पहुंचाने का काम करते हैं। लॉकडाउन में किसी भी व्यक्ति को खाने की दिक्कत नहीं आ रही है।